झाबुआ जिले में तैनात सेवा सहकारी समिति के मैनेजर के तीन ठिकानों पर इंदौर लोकायुक्त ने गुरुवार सुबह एक साथ छापा मारा। रतलाम के शुभमश्री कॉलोनी स्थित घर से अब तक 20 लाख रुपए कैश, 50 तोला सोना, 4 मकान और प्लॉट की रजिस्ट्री मिली है। कृषि जमीन के भी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। टीम को दो कारें भी मिली हैं। यह प्रारंभिक आकलन है।
भारत सिंह हाडा झाबुआ के देवझिरी में सेवा सहकारी समिति प्रबंधक हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति को लेकर शिकायत हुई थी। इस पर टीम ने कार्रवाई की। रतलाम में भारत का घर है। DSP लोकायुक्त संतोष सिंह भदौरिया ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में भारत सिंह के रतलाम, झाबुआ सहित तीन स्थानों पर छापे की कार्रवाई की गई है। इसमें अब तक 20 लाख रुपए कैश, 50 तोला सोना, 4 मकान, 2 प्लॉट, 2 कार और कृषि की जमीन का खुलासा हुआ है।
37 हजार रुपए की सैलरी में बनाई की बेशुमार दौलत
भारत सिंह हाड़ा पिछले 15 सालों से देवझिरी सोसाइटी में ही पदस्थ हैं, जहां वर्तमान में उन्हें करीब 35 हजार प्रति माह वेतन मिलता है। पता चला है कि भारत ने झाबुआ के सिद्धेश्वर कॉलोनी में अलग से प्राइवेट ऑफिस भी खोल रखा था।
शाम तक और होंगे खुलासे
लोकायुक्त टीम की अभी कार्रवाई चल रही है। अभी प्रारंभिक आकलन में इतनी संपत्ति सामने आई है। शाम तक टीम को और भी संपत्ति मिलने की उम्मीद है।
4 सितंबर को झाबुआ जिला सहकारी बैंक का महाप्रबंधक भी रिश्वत लेते हुआ था गिरफ्तार
सितंबर के महीने में ही आदिवासी अंचल झाबुआ में सहकारी सोसाइटियों में हो रहे घोटाले और भ्रष्टाचार को उजागर करने वाला यह दूसरा मामला है। इससे पूर्व 4 सितंबर को जिला सहकारी बैंक का महाप्रबंधक डीआर सिरोठिया डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हो चुका है। जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक ने यह रिश्वत फसल बीमा योजना की लिंक खोलने के नाम पर मांगी थी, जिसके बाद आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में इंदौर लोकायुक्त ने आज देवीझिरी आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक के तीन ठिकानों पर कार्रवाई की है।




_page-0001.jpg)