
मध्यप्रदेश के कई जिलों में रविवार को जोरदार बारिश हुई। जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। भोपाल में तो शनिवार देर रात से बारिश हो रही है। रविवार को दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। शाम को फिर से तेज गरज और चमक के साथ तेज बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में भोपाल में सवा पांच इंच पानी गिरा है। यह इस सीजन में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश है। इस दौरान कई इलाकों में बिजली भी गिरी। भोपाल में रविवार को भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर छत से पानी की धार गिरती नजर आई। छिंदवाड़ा के सौंसर में तो पिछले 24 घंटे में 8 इंच बारिश हुई।
रायसेन के सिलवानी में तेज बारिश के कारण कच्चा घर गिर गया। जिससे एक व्यक्ति की दबने से मौत हो गई। श्योपुर में सुबह से लगातार बारिश का दौर जारी है। इससे निचली बस्तियों में पानी भर गया। सड़कों पर खड़ी बाइक और कारें आधी डूब गईं। सागर में बिजली गिरने से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं, अलीराजपुर में भी मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। यहां पटेल ब्रिज पर खड़ी एक कार पानी के बहाव में बह गई, जिसे रस्सियों से बांधकर निकाला गया।
छिंदवाड़ा के सौसर में 24 घंटे में 8 इंच बारिश
छिंदवाड़ा पिछले एक सप्ताह से बारिश का दौर जारी है। जिले के सौसर क्षेत्र में शनिवार और रविवार को मूसलाधार बारिश हुई। सुबह 8 बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार यहां पिछले 24 घंटे में 8 इंच बारिश हुई। रविवार दोपहर से बारिश का दौर जारी है। बारिश की वजह से निचले क्षेत्र में जलभराव हो गया। इससे भारत माता चौक, सिविल लाइंस क्षेत्र में पानी भर गया। पुलिया के ऊपर पानी आने से आवागमन भी प्रभावित हो गया।
भोपाल में निचली बस्तियों में पानी भरा
भोपाल के गांधी नगर इलाके में निचली बस्ती में पानी भरने से एक परिवार को फायर टीम ने रेस्क्यू किया। कुछ यही हालत आधे शहर के रहे। शाहजहांनाबाद से लेकर करोंद, अशोका गार्डन, ऐशबाग, जहांगीराबाद, गांधी नगर समेत अधिकांश निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुस गया। लोगों की रात दहशत और मुसीबत भरी रही। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में मध्यप्रदेश में बिजली गिरने से 5 लोगों की जान गई, जबकि 8 लोग झुलस गए। ग्वालियर में भी तेज बारिश हुई।
मकान गिरा, दादी-पोती की मौत
भिंड के देहात थाना क्षेत्र के मढ़ैयन गांव में तेज आंधी बारिश से मकान गिर गया। इस हादसे में दादी और पोती की मौत हो गई। जबकि 12 वर्षीय एक बच्चा और एक महिला घायल हो गई।
श्योपुर में सड़कों पर पानी
श्योपुर शहर सहित अंचल भर में रविवार को सुबह से शुरू हुई बारिश ने कुछ देर में रौद्र रूप ले लिया। दोपहर तक मुख्य बाजार समेत निचली बस्तियों में कई घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सड़कों पर खड़ी बाइक, कारें भी डेढ़ फीट तक पानी में डूबी नजर आई। सागर के बीना के पास आगासोद थाना क्षेत्र के देहरी गांव में बिजली गिरने से 6 साल माधवी आदिवासी की मौत हो गई। उसकी मां-बहन समेत तीन लोग झुलस गए।
अलीराजपुर में कार फंसी, रस्सी से बांध कर निकाला
अलीराजपुर जिले में दोपहर 1:00 बजे के बाद मूसलाधार बारिश शुरू हुई। इससे नदी नाले उफान पर आ गए। कई जगह पुलिया पर पानी बहने से मार्ग बंद हो गए। यहां एकता नगर की पटेल ब्रिज पर खड़ी कार पानी में बह गई। इसे क्षेत्र के युवाओं ने रस्सी बांधकर निकाला। मूसलाधार बारिश के कारण मुक्तिधाम में भी पानी भर गया। जिले के जोबट, उदयगढ़, काठवाड़ा, भंवरा और सोड़ावा में भी नदी नाले उफान पर हैं।
भोपाल में ऐसे बिगड़े हालात
भोपाल में रात करीब 1 बजे गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। थोड़ी देर में भारी बारिश होने लगी। सड़कें लबालब हो गईं। जगह-जगह जलभराव हो गया। गांधीनगर क्षेत्र के प्रताप वार्ड में मकान में फंसे परिवार को फायर ब्रिगेड रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला। नाले किनारे बने मकान में काॅलोनी की बाउंड्रीवाल के कारण पानी भर गया। मकान के आसपास 5 फीट तक पानी भरा होने के कारण घर में चार से पांच लोग फंस गए थे। 2 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
उधर आजाद नगर में घरों में पानी घुसने से रहवासी पूरी रात परेशान होते रहे। बस स्टैंड से मॉल तरफ जाने वाली बंद रोड पर डेढ़-डेढ़ फीट पानी भरने से उससे लगे घरों में पानी घुस गया। इंद्रा नगर, बाग मुफ्ती साहब, टीलाजमालपुरा और वसुंधरा काॅलोनी में बाढ़ जैसे हालात रहे। बैरागढ़ कला की आहूजा काॅलोनी और वार्ड 71 सुंदर नगर अशोका गार्डन में भी पारी भर गया।
प्रदेश भर में आफत की बारिश
गरज चमक के साथ हुई बारिश से अशोकनगर सिटी में 1.7 इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते नदी-नाले भी उफान पर आ गए। शनिवार की दोपहर ढाई बजे करीब 20 मिनट बारिश हुई। जिससे फिजा में ठंडक घुल गई और उमस से जूझ रहे लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिल गई। बीते 24 घंटों के दौरान जबलपुर, मंडला, सागर, खरगोन और बैतूल में एक से डेढ़ इंच तक पानी गिर गया। रायसेन में दो इंच पानी गिरा।
रायसेन में घरों में भरा पानी, मकान गिरने से एक की मौत
रायसेन में हुई तेज बारिश से अधिकतर कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। सिलवानी के बमोरी थाना क्षेत्र के ग्राम मजरझिर में कच्चा मकान गिर गया। इसमें एक व्यक्ति छविदास (45) की मौत हो गई, जबकि राजकुमार (27) पुत्र रामबाबू आदिवासी घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात का पारा लुढ़का
प्रदेश भर में रात का पारा लुढ़क गया है। सबसे कम खरगोन में 17 पर आ गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, ग्वालियर में 27, इंदौर में 22 और जबलपुर में 23 डिग्री रहा। प्रदेश भर में पहली बार रात का पारा 25 डिग्री के नीचे आ गया।
सीहोर के श्यामपुर में 5 इंच बारिश
सीहोर तहसील में बीती रात 2.6 इंच बारिश दर्ज हुई। जबकि श्यामपुर में 5 इंच और रेहटी में 4.4 इंच हुई है। इस सीजन की यह सबसे तेज बारिश है। बारिश के कारण कई घरों और सड़कों पर भी पानी भरा गया।










_page-0001.jpg)