दीवाली के पहले सख्ती:खाद्य विभाग ने संभाला मोर्चा, ताकि उज्जैन में लोगों की सेहत सुधरी रहे, 6 जगह कार्रवाई, सेंपल लिए, केस दर्ज किया

 वृंदावन रेस्टोरेंट में कार्रवाई करते अधिकारी। - Dainik Bhaskar 

दीवाली पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो और उन्हें शुद्ध खाद्य सामग्री मिले इसके लिए उज्जैन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मैदान संभाल लिया है। गुरुवार को नमकीन की दुकानों और रेस्टोरेंट व ढाबों पर टीम पहुंची। यहां कम तुलाई और घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की। कलेक्टर आशीषसिंह ने इसके लिए टीम भी गठित की है।

संयुक्त जांच दल ने देवास गेट, रेलवे स्टेशन, व शहर के अन्य स्थानों सहित आगर रोड स्थित घटिया में कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंतदत्त शर्मा ने बताया कि बॉम्बे स्वीट्स से मिठाई, रसगुल्ला और बर्फी के नमूने लिए। वहीं श्री रतलामी नमकीन के संचालक ने नमकीन के पैकेट पर नियमानुसान खाद्य सामग्री की घोषणा नहीं लिखी थी। श्री वृंदावन रेस्टोरेंट एंड भोजनालय के किचन का निरीक्षण किया। यहां से भोजन बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सोयाबीन के तेल का नमूना लिया गया। गंदगी होने पर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस देवलिया, संजय पाटनकर सहित अन्य शामिल थी।

दूसरी ओर, हरिओम रेस्टोरेंट पर 4 घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का इस्तेमाल। यहीं के श्री बालाजी रेस्टोरेंट और शांति ढाबा से 3-3 सिलेंडर जब्त किए गए। इसके चलते श्री हरिओ रेस्टोरेंट के संचालक विजय प्रजापति, शांति ढाबा के संचालक श्याम यादव और बालाजी रेस्टोरेंट के संचालक अजय प्रजापति पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत केस दर्ज किया गया। कार्रवाई कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रवीन्द्रसिंह सेंगर, अंकिता जोषी तथा वंदना बबेरिया ने की।

खबरें और भी हैं...




To Top