OMG-2 की शूटिंग का विरोध:10 दिन का किराया 51 हजार रु., महाकाल से जुड़े पंडित बोले- किराया कम है, प्रोटोकॉल राशि नहीं जोड़ी





महाकाल मंदिर में लगा मंदिर फिल्म का सेट। - Dainik Bhaskar





  • मंदिर के व्यवसायीकरण को प्रतिबंधित करने की मांग भी उठी


महाकालेश्वर मंदिर में 23 अक्टूबर से शुरू हुई OMG-2 की शूटिंग को लेकर विरोध शुरू हो गया है। मंदिर समिति द्वारा फिल्म निर्देशक से लिए गए किराया पर भी सवाल उठाया जा रहा है। OMG-2 की शूटिंग के लिए समिति को 51 हजार रुपए किराया मिला है। इसे लेकर मंदिर के वरिष्ठ पुजारी पंडित महेश पुजारी ने कहा कि किराया नियमानुसार लिया जाना चाहिए।

यदि 51 हजार रुपए में पुजारियों और पुरोहितों के यजमान परिसर को किराए पर मांगेंगे, तो क्या प्रशासन देगा? उनका कहना है कि मूवी का बजट करोड़ों रुपए है, फिर भी किराए की ये राशि बहुत कम है। प्रोटोकॉल के रुपए भी नहीं लिए जा रहे। मैं इस मामले में मंदिर समिति के सामने आपत्ति जताते हुए विरोध करूंगा।

इधर, शूटिंग पर अखाड़ा परिषद के पूर्व महामंत्री डॉ. अवधेश पुरी ने भी विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि मठ मंदिर आस्था के केंद्र है। इसका व्यवसायीकरण नहीं किया जाना चाहिए।

परमहंस अवधेश पुरी ने कहा कि जिस दिन अक्षय कुमार आए थे। उस दिन मीडिया के साथ हुई अभद्रता की भी निंदा करता हूं। यह अभिव्यक्ति की आजादी और धार्मिक स्वतंत्रता की हत्या है।

परमहंस अवधेशपुरी महाराज ने शूटिंग का विरोध जताया है।
परमहंस अवधेशपुरी महाराज ने शूटिंग का विरोध जताया है।

फिल्म स्टार अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म की शूटिंग 23 अक्टूबर से शुरू की गई है। मंदिर परिसर में 21 अक्टूबर से ही सेट लगाना शुरू कर दिया था। फिल्म यूनिट करीब 7 दिनों तक मंदिर परिसर और गर्भ गृह समेत नंदी हॉल और गणेश मंडपम समेत कार्तिक मंडपम में शूटिंग करेगी।

फिल्म यूनिट इन सब के लिए मंदिर समिति से बाकायदा परमिशन लेकर अग्रिम 51 हजार रुपए भुगतान कर दिया है। फिल्म में अक्षय कुमार के होने के चलते मंदिर समिति यूनिट के लिए हर तरह के इंतजाम कर रही है। यहां तक कि अपने कर्मचारियों को भी शूटिंग का हिस्सा बना दिया है। हालांकि इसका अतिरिक्त किराया या राशि अथवा प्रोटोकॉल राशि नहीं ली जा रही है।

100 से ज्यादा लोग वीआईपी गेट से आ-जा रहे
शूटिंग के दौरान मंदिर परिसर में आने-जाने के लिए 100 से ज्यादा कर्मचारियों की यूनिट और सहायक कलाकारों को मंदिर में आने-जाने की अनुमति है। यूनिट से प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर एक भी रुपया नहीं लिया गया है, जबकि पूरी यूनिट रोजाना महाकाल के दर्शन करने वीआईपी गेट से आ-जा रही है।

17 लाख का सोना दान देने वाले संजीव कुमार को घंटों इंतजार कराया
शनिवार को झारखंड बोकारो से आए श्रद्धालु 17 लाख का सोना मंदिर को दान देने आए थे, लेकिन मंदिर प्रशासन अक्षय कुमार के साथ शूटिंग व फोटो खिंचवाने में व्यस्त था। उन्हें महाकाल मंदिर के बाहर ही बैठकर कई घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जब मंदिर प्रबंध समिति को उनके बारे में पता चला तो संजीव कुमार को महाकाल मंदिर के प्रशासनिक भवन भेज दिया गया। वहां भी करीब एक घंटे तक संजीव कुमार को इंतजार करना पड़ा।

5100 रुपए प्रतिदिन किराया
महाकाल मंदिर समिति मंदिर परिसर में शूटिंग के लिए किसी भी फिल्म यूनिट से 5100 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से चार्ज करती है। ऐसे में अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म की शूटिंग करीब 7 दिन मंदिर परिसर में चलेगी। फिल्म यूनिट ने खाना बनाने के लिए प्रवचन हॉल भी ले रखा है। उसका अलग से चार्ज नहीं लिया गया, जबकि प्रवचन हॉल में केवल धार्मिक कार्यक्रम की अनुमति है। इसके लिए नियमानुसार अलग से किराया लिया जाता है। इसे लेकर भी पंडे-पुजारी आपत्ति जता चुके हैं कि प्रवचन हॉल में भोजन बनाने की अनुमति नहीं है, फिर भी फिल्म यूनिट नियम कायदे से बाहर जाकर इसकी अनुमति दी है।

देखकर ही बता सकूंगा, किस मद में कितना शुल्क
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक गणेश धाकड़ ने कहा कि फिल्म की यूनिट की ओर से कितना किराया दिया गया है। यह दस्तावेज देखकर ही बता सकूंगा।

खबरें और भी हैं...
To Top