कोरोना महाअभियान : सीजन 3:शत प्रतिशत वैक्सीनेशन की तैयारी : महाकाल मंदिर में रोज लगेगा टीका, कॉलेजों में भी लगाएंगे, आज से तीसरा महाअभियान, तीन दिन चलेगा
सितंबर माह में कोरोना का शत प्रतिशत वैक्सीन लगाए जाने का टारगेट पूरा करने के लिए अब महाकाल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी वैक्सीन लगाया जाएगा। इतना ही नहीं कॉलेजों में भी कैम्प लगाए जाएंगे। मंत्री डॉ. मोहन यादव इस संबंध में पूर्व में बोल भी चुके हैं। इधर 16, 17 व 18 सितंबर को वैक्सीनेशन का तीसरा महाअभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिये कि 17 सितम्बर को उनके अधिकार क्षेत्र के लोगों को फर्स्ट डोज शत-प्रतिशत लग जाना चाहिए। जिले में वैक्सीन की उपलब्धता में कोई कमी नहीं आयेगी। जिन्हें दूसरा डोज लगाया जाना है उन्हें दूसरा डोज लगाएं। कलेक्टर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए।
ये व्यवस्था रहेगी महाकाल मंदिर में -
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रतिदिन मंदिर दर्शन हेतु आने वाले दर्शनार्थियों का कोविड-19 का वैक्सिनेशन किया जाएगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने कहा श्रद्धालुओं के लिए शंख द्वार के पास फेसिलिटी सेंटर में वैक्सीनेशन की व्यवस्था की गई है। मंदिर में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं का वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट जाँचा जाएगा। जिन श्रद्धालुओं को वैक्सीन का पहला या दूसरा डोज नहीं लगा है तो ऐसे श्रद्धालुओं का वैक्सिनेशन करने के बाद ही दर्शन हेतु प्रवेश दिया जावेगा।
35 वैक्सीनेशन मोबाइल यूनिट भी तैयार -
कलेक्टर ने 35 मोबाइल वैक्सीनेशन यूनिट भी बनाई है। इसमें घर-घर जाकर जरुरतमंदों को वैक्सीन लगाए जाएंगे। खासकर ऐसे लोग जो चलकर सेंटर तक नहीं आ सकता अथवा ऐसे बुजुर्ग जो असहाय हैं। उन्हें ये टीम घर-घर जाकर वैक्सीन लगाएगी। प्रत्येक टीम में एक डॉक्टर, एक वैक्सीन ऑफिसर और एक वैक्सीनेटर रहेगा।
आज और कल 85 केंद्रों पर लगेगा टीका -
गुरुवार व शुक्रवार को शहर के 85 केंद्रों पर कोविशील्ड के पहले और दूसरे डोज के वैक्सीन लगाए जाएंगे। जबकि 6 सेंटर पर कोवैक्सीन का केवल दूसरा डोज लगाया जाएगा। इसके लिए किसी भी तरह के प्री-रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं रहेगी। लोग सीधे सेंटर पर जकर और वैक्सीन लगवा सकेंगे।
तीसरे महाअभियान को ऐसे सफल बनाने की तैयारी -
- टीकाकरण से छूटे लोगों की सूची सीईओ जिला पंचायत कार्यालय में आएगी।
- स्थानीय क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों को भी सर्वे में शामिल किया जाएगा।
- टीकाकरण केन्द्र के अनुसार हार्डकापी तैयार कर जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी।
- ऐसी पंचायतें जहां पहले डोज लगना ज्यादा बाकी हैं वहां स्थाई टीकाकरण केन्द्र बनाया जाएगा। ताकि बचे हुए क्षेत्रों में मोबाइल वेक्सीनेशन टीम भेजी जा सके।
- ड्यू लिस्ट में नामजद लोगों से सम्पर्क किया जाएगा। उनसे पूछा जाएगा कि उन्हें दूसरे टीके के लिये किसी ने सम्पर्क किया है अथवा नहीं।
- मोबाइल वेक्सीनेशन व्हीकल का मूवमेंट डीपीएम द्वारा देखा जायेगा।
- फर्स्ट डोज के लिये आंगनवाड़ी केन्द्र के अनुसार रूट बनाये जाएंगे। जहां मोबाइल वेक्सीनेशन टीम जायेगी।



_page-0001.jpg)