
भिंड के मेहगांव में गणेश विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से 4 बच्चों की मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से बच्चों को पानी के अंदर से निकाला गया। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि चौथे को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। धड़कनें चल रही थीं, इसलिए उसे ग्वालियर रेफर किया गया था। भिंड एसपी ने इसकी पुष्टि की है। दो अन्य बच्चे भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश गांव और तालाब दोनों जगह की जा रही है।
मेहगांव कस्बे में वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के पास तालाब में रविवार को गणेश विसर्जन का आयोजन चल रहा था। इसमें बच्चे भी शामिल थे। वे गणेश प्रतिमा का विसर्जन करते समय गहरे पानी में चले गए। एक के बाद एक डूब गए। पुलिस ने शव पीएम कराने के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिए हैं।
मृत बच्चों की पहचान मेहगांव के गण मौ रोड के रहने वाले अभिषेक पुत्र राजू कुशवाह, सचिन पुत्र मधुराज राजावत, हर्षित पुत्र कृष्णवीर राजावत , प्रशांत पुत्र राजू कुशवाह रूप में हुई है। सभी की उम्र 12- 13 साल के बीच थी। रेडक्रॉस ने परिवार को दाह संस्कार के लिए 10-10 हजार रुपए की मदद की है।
छिंदवाड़ा में दो युवक डूबे
वहीं, दूसरी ओर छिंदवाड़ा में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवक डूब गए। अंबाडा में बंद खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक, जबकि न्यूटन के स्टाफ डेम में दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक डूब गया। घटना स्थल पर पुलिस तलाश में जुटी है। फिलहाल अभी तक का शव नहीं मिला है।
गुना में गणपति विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से युवक की मौत
गुना के बजरंगगढ़ में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर प्रतिमा का विसर्जन करने गए एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। प्रशासन द्वारा तय की गई जगह छोड़कर दूसरी जगह प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक डूब गया। जब तक पुलिस पहुंची, युवक का शव बाहर निकाल लिया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


_page-0001.jpg)