
भोपाल के टीटी नगर मैदान में 6.45 बजे रावण दहन किया गया। सबसे पहले कुम्भकर्ण के पुतले का दहन किया गया। फिर मेघनाद और रावण के पुतले का दहन हुआ। पहले पुतलों पर पेट्रोल छिड़का गया। पुतला जलाते समय कुंभकर्ण का पुतला आधा ही दहन हो पाया। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल डाला और दोबारा आग लगाई। इसके बाद राम बने पात्र ने कोरोना वैक्सीन रूपी तीर चलाकर पुतलों का दहन कर दिया।
भोपाल में दशहरे पर करीब 40 जगह बड़े और मोहल्ला-कॉलोनियों में 700 जगह रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। छोला, कोलार, टीटी नगर, बिट्टन मार्केट, लालघाटी, कलियासोत और अशोका गार्डन के दशहरा ग्राउंड में कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। सबसे पहले शाम 6 बजे टीटी नगर तो सबसे आखिरी में अशोका गार्डन में रात 10 बजे रावण दहन होगा। बिट्ठन मार्केट में 11 फीट ऊंचा पुतला जलेगा। वहीं, भोपाल, मध्यप्रदेश समेत देशभर में कोरोना से मृत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
बिट्टन मार्केट में पहली बार आतिशबाजी भी नहीं की जाएगी। टीटी नगर में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले कोरोना की थीम पर बनाए गए हैं। रावण मुंह पर मास्क लगाए हुए हैं, तो राम कोरोना वैक्सीन रूपी तीर चलाएंगे। मकसद, सभी को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करना है।
अबकी बार कोरोना थीम पर बने रावण
अबकी बार अधिकांश स्थानों पर कोरोना थीम पर रावण के पुतले बने हैं। कहीं पुतला मास्क पहना है, तो कहीं तीर को वैक्सीन का रूप दिया गया है। आयोजन में आने वाले हर शख्स को मुंह पर मास्क और वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कहां-कैसी रहेगी रावण दहन की तस्वीर
- छोला ग्राउंड पर रात 9 बजे पुतला दहन होगा। रावण का पुतला 51 फीट, कुंभकर्ण का 41 फीट और मेघनाथ का 31 फीट का रहेगा। CM शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। श्री हिंदू उत्सव समिति भोपाल के अध्यक्ष कैलाश बेगवानी ने बताया, दोपहर 2 बजे श्री बांकेबिहारी मंदिर मारवाड़ी रोड से चल समारोह शुरू होगा। इसमें ढोल-ढमाके, बैंड-बाजे, शहनाई, जागरण मंडलियों के साथ समिति का बैनर, धर्मध्वजाएं, रामेश्वरम के शिवजी, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, लंकाधिपति रावण, मेघनाथ, कुंभकर्ण के आकर्षित रथ, माता सीता की अशोक वाटिका, राम और रावण सेना के स्वरूप के साथ ही अट्टाहास करते, विद्युत लड़ियों से जगमगाते लंकाधिपति रावण का पुतला दर्शनीय होगा। कोरोना की गाइडलाइन का पालन कराएंगे।
- बिट्टन मार्केट में 2019 में पुतले की ऊंचाई 62 फीट थी, जो पिछले साल 12 फीट रखी गई थी। इस बार यह एक फीट और कम कर दी है। 11 फीट ऊंचा पुतला ही दहन किया जाएगा। बिट्टन मार्केट दशहरा महोत्सव समिति अध्यक्ष एडवोकेट राजेश व्यास एवं महासचिव संजय सोमानी ने बताया, अबकी बार आतिशबाजी नहीं करेंगे। वहीं, कोरोना से मृत हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
- लालघाटी के नेवरी मंदिर ग्राउंड पर रात 8.30 बजे 51 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा। श्री महाकाल हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष विमल बाथम ने बताया, कोरोना की वजह से पुतले की हाइट कम की गई है। कोरोना गाइडलाइन का पालन करेंगे।
- कोलार के ग्राउंड पर 105 फीट तक ऊंचा पुतला दहन होता था, लेकिन अबकी बार सिर्फ 20 फीट ही ऊंचाई रहेगी। समिति के रविंद्र यति ने बताया, सांकेतिक रूप से रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
- अशोका गार्डन में रात 10 बजे रावण के 45 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा। उत्सव समिति के बीरेंद्र राय ने बताया, रात 8 बजे से रावण दहन की शुरुआत कर देंगे।
- कलियासोत ग्राउंड पर जनश्री लोक कल्याण समिति 51 फीट का रावण, 41 फीट मेघनाद और 31 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतलों का दहन करेगी। समिति के संरक्षक व पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने बताया, आयोजन में कोरोना योद्धाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
- टीटी नगर दशहरा मैदान पर रावण के साथ मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन भी होगा। रावण का पुतला 50 फीट, मेघनाद व कुंभकरण के पुतले 40-40 फीट के बनाए गए हैं। आयोजन समिति के संयोजक राजेश वर्मा एवं अजय श्रीवास्तव ने बताया, पुतलों को मास्क पहनाया गया है। वहीं, भगवान राम बने पात्र कोरोना वैक्सीन रूपी तीर से रावण का वध करेंगे। मकसद इतना है कि लोग मास्क और वैक्सीन के प्रति जागरूक रहे। ढाल पर संदेश भी लिखवाए गए हैं।
सरकार की गाइडलाइन का पालन करना होगा
- दशहरे पर श्रीराम चल समारोह प्रतीकात्मक रूप से निकलेंगे।
- दशहरे पर रामलीला का मंचन भी किया जा सकेगा, लेकिन मैदान या हॉल की कैपेसिटी से 50% लोग ही शामिल हो सकेंगे।
- रावण दहन के कार्यक्रम खुले मैदान में फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग रखने की शर्त पर आयोजन समिति कर सकेगी।
- रावण दहन के वृहद आयोजन जिनका स्वरूप मेले समान होता है, की अनुमति नहीं होगी।
- कोरोना संक्रमण को देखते हुए बचाव के उपाय किए जाने जरूरी होंगे।



