भोपाल में ऐसी रहेगी गणेश मूर्ति विसर्जन व्यवस्था:15 स्थानों पर स्टॉल लगेंगे, निगम करेगा मूर्तियों का सामूहिक विसर्जन; घाटों पर अफसरों की देखरेख में होगा










राजधानी में पुराने हादसों और कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस बार गणेश मूर्ति विसर्जन व्यवस्था बदली हुई रहेगी। नगर निगम शहर के 15 से ज्यादा स्थानों पर स्टॉल लगाएगा। लोग घरों में बप्पा की पूजा करने के बाद मूर्तियों को स्टॉल पर ले जाएंगे। जहां से निगम की गाड़ी में मूर्तियों को घाटों पर ले जाया जाएगा। यहां सामूहिक रूप से विसर्जन होगा। बड़ी मूर्तियों का विसर्जन अफसरों की देखरेख में होगा। 6 घाटों के लिए अफसरों की तैनाती कर दी गई है।

डोल ग्यारस (एकादशी) 18 सितंबर से ही घाटों पर अमला तैनात हो जाएगा, जो 20 सितंबर को विसर्जन समाप्त होने तक रहेगा। विसर्जन जुलूस या चल समारोह निकालने की मनाही है। इसलिए आयोजक समेत 10 लोग ही शामिल हो सकेंगे। चूंकि, शहर में 800 से ज्यादा छोटे-बड़े स्थानों पर पंडालों में गणेशजी विराजित किए गए हैं। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती रहेगी। जिसकी तैयारियां जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने पहले से कर ली है।

निगम ने ये स्थान किए चयनित, पूजा के बाद यहां ले जा सकते हैं मूर्तियां

  • लालघाटी चौराहा
  • गांधी नगर
  • करोंद चौराहा
  • भवानी चौक (पीर गेट मंदिर)
  • नादरा बस स्टैंड
  • 5 नंबर स्टॉप पेट्रोल पंप के पास
  • शाहपुरा चौराहा झील
  • सर्व-धर्म चौराहा
  • आशिमा मॉल
  • अवधपुरी चौराहा
  • आनंद नगर चौराहा
  • अयोध्या बायपास मिनाल चौराहा
  • प्रभात चौराहा
  • पुलिस कंट्रोल रूम यातायात पार्क के सामने। आदि

ये सावधानी बरतें

  • मूर्तियों के विसर्जन में आयोजन समिति के 10 लोग ही शामिल हो सकेंगे। इस नियम का पालन करेंगे। वरना कार्रवाई हो सकती है।
  • निर्धारित स्थानों पर ही मूर्ति विसर्जन करें।
  • ऐसे स्थानों पर मूर्तियों को न ले जाए, जहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं है।
  • हो सके तो निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर ही मूर्तियों को लेकर जाएं। निगम सामूहिक रूप से विसर्जन करेगा।

इन घाटों पर रहेगी सुरक्षा
खटलापुरा, प्रेमपुरा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़, हथाईखेड़ा डैम, शाहपुरा एवं आर्च ब्रिज के घाट पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी ने नोडल अधिकारियों की तैनाती की है। पुलिस कंट्रोल रूम से भी यहां पर नजर रखी जाएगी।

समस्या या घटना की इन नंबरों पर तुरंत दें जानकारी
नगर निगम ने टेलीफोन नंबर जारी किए हैं। विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की समस्या, बाधा आने या फिर कोई घटना होती है तो टेलीफोन नंबर 0755-2542222, 2701401 और 2540220 पर तत्काल सूचना दें।

Tags
To Top