एपल आईफोन 13 सीरीज की भारत में शुरुआती कीमत 69,900 रुपए है, वहीं इसका टॉप एंड वैरिएंट 1,79,900 रुपए में मिलेगा। ज्यादातर भारतीय ग्राहक 10 से 20 हजार रुपए में बेहतरीन स्मार्टफोन चाहते हैं। ऐसे में नया आईफोन ज्यादातर भारतीयों के लिए अभी सपना ही है। वैसे, जिस आईफोन को खरीदने के बारे में आम आदमी सोच नहीं पाता, उनके ऊपर कुछ यूट्यूबर अनोखे एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। वे लाख रुपए के आईफोन को चाकू से काटते हैं, हथौड़ा मारते हैं, पानी में फेंक देते हैं, तो सैकड़ों फीट की ऊंचाई से गिरा देते हैं।
आईफोन 12 सीरीज के मॉडल पर किए गए ऐसे ही एक्सपेरिमेंट के बारे में आपको बता रहे हैं। बता दें कि आईफोन 12 प्रो के 128GB वैरिएंट की भारत में कीमत 1,06,900 रुपए और आईफोन 12 प्रो मैक्स के 256GB वैरिएंट की कीमत 1,25,900 रुपए है। आखिर ऐसे एक्सपेरिमेंट का रिजल्ट क्या आता है। चलिए इस खबर में देखते हैं...
एक्सपेरिमेंट नंबर-1
आईफोन 12 प्रो की सेरेमिक शील्ड की मजबूती का टेस्ट
आईफोन 12 प्रो पर आने वाले सेरेमिक शील्ड की मजबूती को यूट्यूबर JerryRigEverything ने टेस्ट किया। कंपनी का कहना है कि सेरेमिक शील्ड से डिस्प्ले काफी मजबूत हो जाता है और आसानी से इस पर स्क्रैच नहीं आते। ऐसे में यूट्यूबर ने फोन के डिस्प्ले पर चाकू और दूसरे नोकदार आइटम से उसे खरोंच दिया। ऐसे में स्क्रीन के ऊपर कुछ निशान दिखाई देने लगे।
इसके बाद फोन की बॉडी को चारों तरफ खरोंचा। इससे आईफोन की फ्रेम पर भी निशान बन गए। उन्होंने फोन के बैक साइड पर कॉइन से स्क्रैच बनाए, लेकिन ये स्क्रैच हाथ से साफ हो गए। आईफोन के कैमरा लैंस को चाकू और दूसरे नुकीले आइटम से खरोंचा गया, लेकिन इस पर कोई निशान नहीं आए। इसके बाद फोन की स्क्रीन पर 30 सेकेंड तक लाइटर की लौ लगाई गई, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
एक्सपेरिमेंट नंबर-2
आईफोन 12 प्रो की स्क्रीन की मजबूती का हथौड़ा मारकर टेस्ट
आईफोन के साथ इस एक्सपेरिमेंट को यूट्यूबर TechRax ने किया। उन्होंने यूट्यूब पर जो वीडियो अपलोड किया, उसमें आईफोन की मजबूती को परखने के लिए चाकू और हथौड़े का इस्तेमाल किया। पहले उन्होंने चाकू से फोन की स्क्रीन और बैक पैनल को खरोंचा। अच्छे-खासे निशान भी बना दिए। हालांकि, ये निशान हाथ से मिटाने पर काफी कम हो गए। इसके बाद स्क्रीन पर करीब एक किलो वजनी हथौड़ा मारा गया। हथौड़ा मारने में हर बार ताकत बढ़ाई गई। इससे स्क्रीन और बैक पैनल पर क्रेक आना शुरू हो गए। इसके बाद पूरी ताकत से फोन पर हथौड़ा मारा गया, जिससे फोन बुरी तरह डैमेज हो गया।
एक्सपेरिमेंट नंबर-3
आईफोन 12 प्रो मैक्स का वाटर टेस्ट
एपल का दावा है कि आईफोन 12 सीरीज के सभी आईफोन 6 मीटर पानी में आधे घंटे तक डूबे रहने के बाद भी काम करेंगे। ऐसे में यूट्यूबर Ramesh Bakotra ने इस टेस्ट को करके देखा। उन्होंने अलग-अलग पानी वाले प्लेटफॉर्म पर आईफोन 12 प्रो मैक्स को डुबो-डुबोकर और भिगो-भिगोकर टेस्ट किया।
सबसे पहले आईफोन को तालाब में कुछ सेकेंड के लिए डुबोया गया। बाद में नल के नीचे फोन को उलट-पलट करके भिगोया गया। इस टेस्ट को भी फोन ने पास कर लिया। फिर फोन में एक वीडियो प्ले करके पानी से भरे ग्लास के अंदर 15 मिनट से भी ज्यादा देर तक रखा गया। जब इसे निकाला गया तब फोन के टच में थोड़ी प्रॉब्लम आई, लेकिन पानी साफ करने के बाद ये पूरी तरह काम करने लगा।
एक्सपेरिमेंट नंबर-4
आईफोन 12 प्रो को ड्रोन से गिराकर मजबूती का टेस्ट
इस मजेदार वीडियो को यूट्यूबर Versus ने बनाया। इसके लिए आईफोन 12 प्रो मॉडल को ड्रोन से बांधकर जमीन से 100 मीटर (करीब 328 फीट) की ऊंचाई पर ले जाया गया। फिर वहां से उसे ड्रॉप कर दिया गया। इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद भी फोन सिंगल पीस में ही रहा। फोन की स्क्रीन और बैक काफी डैमेज हुए। इसके बाद भी ये काम कर रहा था। फोन का टच काम कर रहा था। हालांकि, बीच में स्क्रीन का कुछ एरिया ब्लैक हो गया था। फोन का रियर कैमरा काम नहीं कर रहा था, लेकिन फ्रंट कैमरा काम कर रहा था।
एक्सपेरिमेंट नंबर-5
आईफोन 12 प्रो मैक्स की मजबूती का लावा से टेस्ट
लावा ऐसी चीज है जो किसी को भी राख कर सकता है। ऐसे में आईफोन के साथ इस खतरनाक वीडियो को यूट्यूबर Superkot ने शूट किया। उन्होंने सबसे पहले नोकिया के फीचर फोन के ऊपर लावा डाला। लावा गिरते ही फोन में आग लग गई और देखते ही देखते ये कुछ सेकेंड में खाक हो गया। इसके बाद नंबर आया चमचमाते हुए आईफोन 12 प्रो मैक्स का। ये फोन पूरी तरह वर्किंग कर रहा था। फिर इसकी स्क्रीन के ऊपर लावा डाल दिया। लावा गिरते ही फोन की स्क्रीन जलना शुरू हो गई और उसमें एक धमाका भी हो गया। महज कुछ सेकेंड में आईफोन खाक हो गया।







_page-0001.jpg)