भोपाल जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों के साथ चोरी, लूट करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ट्रेन के जनरल कोच में यात्रियों को गप्पे खिलाकर ( एक तरह का जुआ) लूट करते थे। यात्रियों को झांसे में लाने वह गेम में उन्हें दोगुना पैसे देने का लालच देते हैं। यात्री जैसे ही पैसा लगाता उसी समय गिरोह के सदस्य उसके साथ मारपीट कर पैसे छीनकर भाग निकलते। आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड है।
जीआरपी भोपाल टीआई दिनेश चौहान ने बताया कि सलामतपुर निवासी इरफान खान,गजराज अहिरवार,मनीष शर्मा व भोपाल निवासी नवाब खान उर्फ नफीस खान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की अब तक पूछताछ में आरोपियों ने 20 से अधिक वारदात कबूली हैं। आरोपी वर्ष 2012 से इस तरह का अपराध कर रहे हैं।
डिब्बे के खेल को बना लिया लूट, चोरी का धंधा
टीआई चौहान ने बताया कि गप्पे खिलाना एक तरह का जुआ है। आरोपी तीन डिब्बे लिए रहते हैं। डिब्बे में वह हार-जीत का दाव लगवाते हैं। यात्रियों को गेम में शामिल करने गिरोह के सदस्य खुद यात्री बनकर हारजीत का दाव लगाते हैं। इसके बाद लालच में आकर कुछ यात्री भी इनके साथ दाव लगाने लगते हैं। बाद में आरोपी यात्री का पैसा लेकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस पर कर चुके हमला
गिरोह भोपाल, सांची, सलामतपुर, दीवानगंज, विदिशा, बीना क्षेत्र में ट्रेनों में वारदात कर चुके हैं। घटना की सूचना मिलने पर जब भी पुलिस इन्हें पकड़ने का प्रयास किया तब-तब आरोपी पुलिस पर हमला कर भाग जाते हैं। बीती रात पुलिस ने इन्हें ट्रेन में लूट की साजिश रचते हुए भोपाल से गिरफ्तार किया है।


_page-0001.jpg)